एसटीएफ से मुठभेड़ में मारा गया बिहार का इनामी कुख्यात किलर मोनू चवन्नी ; एके-47 व 9 एमएम पिस्टल के साथ भारी संख्या में गोली बरामद

0 minutes, 2 seconds Read

JAUNPUR UP DESK – उत्तर प्रदेश के जौनपुर में एसटीएफ और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में बिहार का इनामी कुख्यात किलर सुमित सिंह उर्फ मोनू चवन्नी ढेर हो गया है. मोनू चवन्नी पर एक लाख का इनाम घोषित था. मुठभेड़ में मारे गए अपराधी मोनू के पास से एके-47, एक 9-एमएम पिस्टल, बोलेरो जीप और भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए हैं. मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ का रहने वाला सुमित उर्फ मोनू फिलहाल बिहार में रह रहा था. मंगलवार को तड़के जनपथ जौनपुर के थाना बदलापुर क्षेत्र में यूपी एसटीएफ और तीन अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. यूपीएसटीएफ ने जवाबी कार्रवाई में मऊ निवासी बदमाश सुमित सिंह उर्फ मोनू को मार गिराया. जिसके बाद उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया.

चवन्नी के खिलाफ दर्ज हैं दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले

सुमित सिंह उर्फ मोनू शातिर अपराधी था. वह एक हिस्ट्री शीटर रह चुका है. उस पर 24 से ज्यादा मामले दर्ज थे. यूपी एसटीएफ के जांबाज अफसर डीके शाही की टीम के साथ मंगलवार तड़के उसकी मुठभेड़ हो गई. दोनों तरफ से फायरिंग में बदमाश मोनू ढेर हो गया. जबकि, उसके दो साथी भागने में सफल रहे. पुलिस उन दोनों की भी तलाश कर रही है. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें जगह-जगह दबिश दे रही हैं. पुलिस ने कहा कि जल्द ही उन दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

श्रीकांत भारती मर्डर केस से आया चर्चा में

बिहार के सिवान जिले में 23 नवंबर 2014 को भाजपा सांसद के प्रतिनिधि और सर्राफ श्रीकांत भारती की हत्या में भी मोनू शूटर का नाम आया था. पुलिस के मुताबिक, मोनू सुपारी किलर की तरह काम कर रहा था. साल 2014 में ही उसने बलिया में एक कारोबारी और उसके बेटे की गोली मारकर हत्या की थी. इसके अलावा भी उसने कई खौफनाक वारदातों को अंजाम दिया है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *