घर के दरवाजे पर सो रहे युवक के सिर में गोली मारकर हत्या से सनसनी

0 minutes, 0 seconds Read

ARRHA DESK –  बिहार के आरा में घर के बाहर दरवाजे पर सो रहे एक युवक को हथियार से लैस बदमाशों ने सिर में गोली मारकर हत्या कर दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. डॉग स्क्वाड और एफएसएल की टीम मौके पर छानबीन कर रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मृतक की पहचान जिले के स्थानीय निवासी संजय सिंह के 22 वर्षीय पुत्र अमित विक्रम उर्फ गोलू सिंह के रूप में हुई है. वह ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था.

मामला संदेश थाना क्षेत्र के नसरतपुर गांव का है. मृतक के चचेरे भाई कुंदन कुमार सिंह ने कहा कि मेरा भाई दरवाजे पर सो रहा था. इसी बीच किसी ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी. गोली किसने और क्यों मारी है? इसका हम लोगों को पता नहीं है, लेकिन कुछ दिनों पहले आम तोड़ने को लेकर गांव के ही नामजद लोगों के साथ उसका विवाद हुआ था. उनलोगों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी. हम लोगों को शक है कि उन्हीं लोगों के द्वारा हमारे भाई की गोली मारकर हत्या की गई है. वहीं, हत्या की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है.

इस मामले में एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि नसरतपुर गांव में एक युवक की अज्ञात अपराधियों के द्वारा गोली मारकर हत्या की गई है. घटना को लेकर डीएसपी के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर मामले की छानबीन की जा रही है. जल्द ही पुलिस इस घटना में शामिल अपराधियों को चिन्हित कर उन्हें गिरफ्तार भी करेगी. इसके साथ ही पूरे मामले का खुलासा भी किया जाएगा.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *