कोल्ड ड्रिंक का एमआरपी से अधिक मूल्य लेने पर विभाग ने दुकानदार पर की कार्रवाई

0 minutes, 0 seconds Read

CHHAPRA DESK – सारण जिले में कोल्ड ड्रिंक को एमआरपी से अधिक मूल्य पर बेचे जाने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं. वही इन शिकायतों पर सारण जिला माप तौल निरीक्षक के द्वारा लगातार कार्रवाई भी की जा रही है. बताते चलें कि बीते दिन माप तौल निरीक्षक सुजीत कुमार के द्वारा जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत रेलवे गुमटी के समीप स्थित अंबिका कोल्ड ड्रिंक एवं सुधा कॉर्नर पर जांच अभियान चलाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की है. निरीक्षण के क्रम में माप तौल निरीक्षक श्री कुमार के द्वारा ग्राहक के रूप में विभाग के एक परिचारी रोहित कुमार को अंबिका

कोल्ड ड्रिंक एवं सुधा कॉर्नर पर कोल्डड्रिंक लाने के लिए भेजा गया तो दुकानदार द्वारिका प्रसाद के द्वारा एक कोल्ड ड्रिंक की बोतल को ₹45 में दिया गया. जबकि उस पर एमआरपी (मैक्सिमम रिटेल प्राइस) ₹40 अंकित था. जिस पर जब ग्राहक के रूप में पहुंचे परिचारी के द्वारा अधिक मूल्य लेने की बात पूछी गई तो उनके द्वारा बताया गया कि ड्रिंक को ठंडा करने के नाम पर ₹5 लिया जा रहा है. जांच उपरांत निरीक्षक श्री कुमार के द्वारा उस दुकान के खिलाफ मिली शिकायत को सही पाते हुए उसके खिलाफ अग्रेत्तर कार्रवाई करने के लिए विभाग को प्रेषित किया गया है.

इस विषय पर पूछे जाने पर निरीक्षक श्री सुजीत कुमार ने बताया कि कोल्ड ड्रिंक को ठंडा करने के नाम पर दुकानदार ₹5 अधिक मूल्य ले रहे हैं.जबकि कोल्ड ड्रिंक पर स्पष्ट लिखा हुआ है कि उसका मैक्सिमम रिटेल प्राइस कितना है. जिसमें सारे खर्चे समाहित हैं. इसलिए एमआरपी से अधिक मूल्य पर कोल्ड ड्रिंक या कोई भी सामान बेचा जाना जुर्म है. इसके खिलाफ विभाग लगातार अभियान चला रहा है और प्रति महीने दर्जनभर ऐसे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *