पर्यटन मंत्री ने भारत गौरव यात्रा के माध्यम से गुरु कृपा यात्रा ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

0 minutes, 1 second Read

CHHAPRA DESK – पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री, उत्तर प्रदेश जयवीर सिंह एवं कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान, राज्य मंत्री उत्तर प्रदेश बलदेव सिंह औलख ने सिख धर्म के श्रद्धालुओं एवं अन्य पर्यटकों के लिये भारत गौरव ट्रेन के माध्यम से गुरु कृपा यात्रा का 05 अप्रैल को लखनऊ जंक्शन पर आयोजित एक समारोह में शुभारम्भ किया. यह गाड़ी पूर्वोत्तर रेलवे की पहली भारत गौरव ट्रेन है. समारोह को सम्बोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री, उत्तर प्रदेश जयवीर सिंह ने प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में देश की जनता को गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक नगरों एवं धार्मिक स्थलों से रूबरू होने का लोगों को अवसर मिल रहा है.

भारतीय रेल के माध्यम से लोग देश के गौरवशाली अतीत एवं सम्पदा से परिचित हो सकें. आज सिख समाज के पूज्य स्थलों के दर्शन हेतु गुरु कृपा यात्रा ट्रेन चलाई जा रही है. इस गाड़ी के माध्यम से आईआरसीटीसी द्वारा देश में सिख श्रद्धा के प्रमुख तीर्थ स्थलों का भ्रमण कराया जायेगा. उत्तर प्रदेश में लखनऊ, सीतापुर, पीलीभीत, शाहजहाँपुर, बरेली, रामपुर तथा मुरादाबाद स्टेशनों पर श्रद्धालु यात्रियों को इस गाड़ी में चढ़ने एवं उतरने हेतु ठहराव प्रदान किया गया है. श्री सिंह ने कहा कि सिख श्रद्धालुओं को इस श्रद्धा यात्रा से पवित्र पंच तख्त के दर्शन का लाभ मिलेगा.

इस अवसर पर कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान, राज्य मंत्री उत्तर प्रदेश बलदेव सिंह औलख ने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह गुरु कृपा यात्रा ट्रेन प्रमुख सिख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को ले जाएगी. सिख धर्म के श्रद्धालुओं के लिए यह धार्मिक स्थल चारों धाम के समान है. इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु आनंदपुर साहिब में केसगढ़ साहिब गुरुद्वारा और विरासत-ए-खालसा, कीरतपुर साहिब में गुरुद्वारा पातालपुरी साहिब, सरहिंद में गुरुद्वारा फतेहगढ़ साहिब, अमृतसर में अकाल तख्त और स्वर्ण मंदिर, बठिण्डा में दमदमा साहिब, नांदेड़ में तख्त सचखंड हजूर साहिब, बीदर में गुरुद्वारा गुरु नानक झीरा साहिब एवं पटना में गुरुद्वारा हरमंदिरजी साहिब आदि सिख आस्था के प्रमुख केन्द्रों पर जायेंगे. इस गाड़ी के संचलन से सिख श्रद्धालुओं के साथ ही अन्य पर्यटक भी इन प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर लाभान्वित होंगे.

अतिथियों का स्वागत करते हुए महाप्रबन्धक, पूर्वोत्तर रेलवे चन्द्र वीर रमण ने कहा कि देश की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक स्थलों एवं प्राकृतिक सौन्दर्य से भरपूर नगरों के लिये भारत गौरव ट्रेनें चलाई जा रही है ताकि लोग अपनी सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत से परिचित हो सकें और प्राकृतिक सौन्दर्य का आनन्द ले सकें. यह गाड़ी लखनऊ से चलकर सीतापुर, शाहजहाँपुर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर एवं मुरादाबाद स्टेशनों पर रूककर श्रद्धालु यात्रियों को उनके प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराएगी.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *