डेढ़ सौ बीघे की फसल में लगी थी जबरदस्त आग बुझाने की बजाय युवा बना रहे थे वीडियो

0 minutes, 0 seconds Read

CHHAPRA DESKसारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के टेघड़ा तथा नचाप गांव के बीच बधार में थ्रेशर से दवनी के दौरान निकली चिंगारी से लगी भीषण आग में करीब डेढ़ सौ बीघे में खड़ी गेंहू की फसल जलकर पूरी तरह से राख हो गई. जबकि उस दौरान युवा आग पर पानी डालने के बजाय वीडियो बना रहे थे. जिसको लेकर गांव के बड़े बुजुर्गों से कई बार उनकी बकझक भी हुई लेकिन वह वीडियो बनाने में मशगूल रहे.

आगलगी की सूचना मिलते हीं टेघडा तथा नचाप आदि गांवों से सैकड़ो लोग बाल्टी में पानी लेकर दौड़ पड़े और अपने स्तर से आग पर काबू पाने का भरपूर प्रयास किया, परंतु तेज धूप व पछुआ हवा से आग की लपटें लगभग दो किलोमीटर क्षेत्र में देखते हीं देखते फैल गई. विकराल रूप धारण कर फैली आग की लपटों ने लगभग डेढ़ सौ बीघे में खड़ी गेंहू की फसल के अलावा कम्बाइंड मशीन से काटी गई गेंहू की फसल के अवशेष तक को जला डाला.

बधार में लगी आग से आसपास के सैकड़ों बांस व दर्जनों आम आदि के पेड़ भी झुलस गए. मौके पर मौजूद मांझी के थानाध्यक्ष अशोक कुमार दास ने बताया कि पुलिस कर्मी आग बुझाने के साथ साथ गांव के लोगों को आग बुझाने हेतु इकट्ठा करने में काफी देर तक भाग दौड़ करते रहे. कुछ हीं देर में सैकड़ों लोग जमा हो गए और आग बुझाने में जुट गए. आगलगी के दौरान वीडियो बनाने में व्यस्त युवकों की गांव के बड़े बुजुर्गों के साथ कई बार झड़प भी हुई. बुजुर्ग वीडियो बनाने के बजाय आग बुझाने में सहयोग मांग रहे थे.

आग बुझाने में आसपास के ग्रामीणों के अलावा कई पुलिसकर्मियों के कपड़े भी आग की चिंगारी से जगह जगह जल गए. सूचना पाकर पहुंचे चार अग्निशमन वाहनों ने लगभग दो घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. लोगों ने बताया कि दंवनी के दौरान थ्रेशर से निकली चिंगारी से आगलगी की यह घटना घटी है. बाद में मांझी सीओ धनञ्जय कुमार के नेतृत्व में घटना स्थल पर पहुंची कर्मचारियों की टीम ने आगलगी में हुए नुकसान का जायजा लिया तथा जांचोपरांत किसानों को मुआवजा भुगतान करने का आश्वासन दिया.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *