छपरा में दोहरे हत्याकांड से मची सनसनी ; चंवर से हत्या कर फेंके गये दो शव बरामद

0 minutes, 3 seconds Read

CHHAPRA DESK – सारण जिले के अमनौर-मकेर बॉर्डर एरिया स्थित पहाड़पुर चंवर में हत्या कर फेंके गए दो युवकों के मिलने के बाद सनसनी फैल गई. इस दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही अमनौर थाना अध्यक्ष दल बल के साथ मौके पर पहुंचे. वहीं मढौरा डीएसपी इंद्रजीत बैठा भी मौके पर पहुंचकर जांच छानबीन में जुटे हुए हैं. हालांकि दोनों शवों की पहचान नहीं हो सकी है.

बता दें कि शुक्रवार की देर संध्या अमनौर-मकेर बॉर्डर एरिया अमनौर थाना अंतर्गत पहाड़पुर चंवर में एक साथ दो युवकों के शव को देख यह बात आग की तरह फैल गई. सूचना के बाद अमनौर थानाध्यक्ष दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन प्रारंभ कर दिया. उन्होंने बताया कि पहाड़पुर चंवर के समीप से दो युवक का शव एक साथ बरामद किया गया है.

जिसमें एक युवक की उम्र करीब 35 वर्ष तथा दूसरे युवक की उम्र 28 वर्ष के आसपास होगी. उन्होंने बताया कि दोनों शवों की पहचान नहीं हो सकी है. पहचान को लेकर आस-पास के गांव में सूचना दी गई है. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गला दबाकर हत्या का प्रतीत हो रहा है. विशेष जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा गया है.

वहीं इस मामले में मढौरा डीएसपी इंद्रजीत बैठा ने बताया कि अमनौर थाना अंतर्गत पहाड़पुर चंवर से दो युवकों का शव बरामद किया गया है. ऐसा प्रतीत होता है कि दोनों युवकों की हत्या कहीं अन्यत्र किए जाने के बाद साक्ष्य छुपाने के लिए दोनों को चंवर में फेंक दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *