CRPF व थाना पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर 2.5 kg विस्फोटक पदार्थ आईईडी व हथियार किया बरामद

0 minutes, 0 seconds Read

AURANGABAD DESK – बिहार के औरंगाबाद में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआरपीएफ और स्थानीय थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. एसपी अंबरीश राहुल के निर्देश पर आंजन थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित जंगली इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया. इस अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने बड़ी कियारी पहाड़ क्षेत्र में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ बरामद किए. जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने पुलिस बल को नुकसान पहुंचाने की नीयत से इन विस्फोटकों को पहाड़ी इलाके में छिपाकर रखा था. संयुक्त टीम की ओर से इलाके में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा था, जिसके तहत संदिग्ध स्थानों की गहन जांच की गई. इसी क्रम में टीम को एक स्थान पर छिपाकर रखे गए विस्फोटक मिले.

Add

बरामद सामग्री में लगभग 2.5 किलोग्राम का आईईडी और 37 कमर्शियल डेटोनेटर शामिल हैं. सुरक्षा के मद्देनजर इन विस्फोटकों को मौके पर ही विशेषज्ञों की निगरानी में सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान न हो सके. आंजन थाना अध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देशन में सीआरपीएफ और थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा यह विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया था. अभियान के दौरान न केवल विस्फोटक बरामद किए गए, बल्कि एक देशी निर्मित कार्बाइन हथियार भी जब्त किया गया, जिसे आगे की जांच के लिए थाना लाया गया है.

नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन रहेगा जारी : एसपी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नक्सलियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और उनके ठिकानों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है. हाल के दिनों में इस तरह की कई सफल कार्रवाइयों से नक्सलियों की कमर टूटती नजर आ रही है. एसपी अंबरीश राहुल ने बताया कि जिले में नक्सलियों के खिलाफ लगातार सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों की सक्रियता के कारण नक्सली अब बैकफुट पर हैं और उनकी गतिविधियां सीमित होती जा रही हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही जिले से नक्सलवाद का पूरी तरह सफाया कर दिया जाएगा. फिलहाल, इस बरामदगी के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है तथा आगे की कार्रवाई जारी है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *