म्यूल बैंक अकाउंट से चल रहा था फर्जीवाड़े का खेल ; 14 सिम और 5 ATM कार्ड के साथ आरोपी गिरफ्तार

0 minutes, 2 seconds Read

CHHAPRA DESK –  साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. भोजपुर पुलिस ने म्यूल बैंक अकाउंट के जरिए साइबर ठगी के नेटवर्क से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के पास से 2 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड और 5 एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं. इस खुलासे के बाद इलाके में साइबर अपराधियों के पूरे गिरोह को लेकर कई चौंकाने वाले राज सामने आए हैं,दरअसल आरा स्थित नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक लोगों के नाम पर म्यूल बैंक अकाउंट खुलवाकर साइबर ठगी के धंधे को अंजाम दे रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और जांच के दौरान दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई.

पुलिस ने जब दोनों युवकों के मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें साइबर ठगी से जुड़े कई अहम सुराग और डिजिटल सबूत मिले. इसके बाद दोनों को आगे की पूछताछ के लिए भोजपुर साइबर थाना लाया गया. पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित कुमार (पिता- भोला साह) निवासी बिबिगंज, थाना उदवंतनगर तथा मोहित कुमार (पिता- राजेश कुमार सिंह) निवासी मसाद, थाना उदवंतनगर के रूप में हुई है. दोनों भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। तफ्तीश के दौरान रोहित कुमार ने पुलिस को बताया कि उसे अभिषेक नाम के व्यक्ति ने लालच दिया था कि बालू घाट में पैसे के लेन-देन के लिए बैंक अकाउंट की जरूरत है। इसके बदले हर बैंक अकाउंट के लिए करीब 3000 रुपये देने का वादा किया गया था. इसके बाद रोहित ने अपने साथी मोहित को भी इस धंधे में शामिल कर लिया.

दोनों मिलकर अलग-अलग लोगों के नाम पर बैंक अकाउंट खुलवाते थे और उनके पासबुक व एटीएम कार्ड सूरज नामक व्यक्ति को सौंप देते थे. इसके बदले उन्हें कमीशन के तौर पर कुछ पैसे मिलते थे. इस रकम में से थोड़ा हिस्सा अकाउंट धारकों को देकर बाकी पैसा खुद रख लेते थे. फिलहाल पुलिस इस पूरे साइबर ठगी गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *