बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश ; 12 चोरी की बाइक के साथ दो शातिर चोर गिरफ्तार

0 minutes, 2 seconds Read

SIWAN DESK –  सिवान जिले के मैरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत इंग्लिश मोड़ पर सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. चेकिंग के क्रम में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. उनकी निशानदेही पर कुल 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं. गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आदमापुर निवासी नसरूल्लाह के पुत्र फिरोज अंसारी तथा दिनेश राजभर के पुत्र विशाल कुमार के रूप में हुई है. पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 26 फरवरी को विधि-व्यवस्था संधारण और अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था.

इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों की गतिविधि संदिग्ध लगी. पुलिस ने जब बाइक के कागजातों की जांच की तो वाहन चोरी का पाया गया. तत्पश्चात दोनों को विधि-सम्मत तरीके से गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर विभिन्न थाना क्षेत्रों और सीमावर्ती जिलों में मास्टर चाबी के सहारे बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे. अपराधियों की कार्यशैली भी सुनियोजित थी. दोनों एक ही मोटरसाइकिल पर निकलते और चोरी के बाद अलग-अलग बाइकों से फरार हो जाते थे. चोरी की गई मोटरसाइकिलों को सुनसान और सुरक्षित स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था. गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर मैरवा थाना क्षेत्र से छह तथा रघुनाथपुर थाना क्षेत्र से पांच अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं.

पहले से बरामद एक बाइक को मिलाकर कुल 12 मोटरसाइकिलें पुलिस ने जब्त की हैं. बरामद वाहनों में कुछ सिवान जिले के अलावा सीमावर्ती जिलों और उत्तर प्रदेश की भी बताई जा रही हैं. पुलिस के अनुसार फिरोज अंसारी के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. इस संबंध में मैरवा थाना में कांड दर्ज कर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है. गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और आमजन ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *