धर्मनाथ मंदिर से चोरी मामले में गिरफ्तार युवक के खिलाफ मंदिर के महंथ व पुजारी सहित मोहल्ले वासियों ने जताया विरोध ; कहा पुलिस लीपापोती कर रही

0 minutes, 4 seconds Read

 

CHHAPRA DESK –  छपरा शहर के ऐतिहासिक धर्मनाथधनी मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी को लेकर शुक्रवार को भगवान बाजार थाना परिसर में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई. मंदिर के महंत पुजारी सहित दर्जन लोग अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे थे. उनका आरोप है कि पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किया गया युवक मंदिर की देखरेख में वर्षों से रहा है और वह थोड़ा मंदबुद्धि है. बता दें कि बीते दिन धर्मनाथधनी मंदिर से नकद एवं आभूषण समेत हुई लाखों की चोरी मामले में पुलिस ने स्थानीय थाना क्षेत्र के रतनपुरा मोहल्ला निवासी पंकज कुमार राय उर्फ बेगा को गिरफ्तार किया है. जिसके बाद उसके परिजन और स्थानीय लोग थाना पहुंच गए और गिरफ्तारी का विरोध करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया.

Add

वही स्थानीय लोगों और मंदिर के पुजारी का कहना है कि पंकज उर्फ बेगा पिछले कई वर्षों से धर्मनाथधनी मंदिर परिसर में साफ-सफाई का कार्य करता आ रहा था और साथ ही मंदिर की देखरेख में भी सहयोग करता था. लोगों का यह भी कहना है कि पंकज मंदबुद्धि है और मंदिर परिसर में बिखरे पड़े पैसों को उसने उठा लिया था, जिसे पुलिस ने चोरी का साक्ष्य मान लिया. विरोध कर रहे लोगों ने यह भी दावा किया कि पंकज का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है और वह हमेशा मंदिर सेवा में लगा रहता था. ऐसे में उसकी गिरफ्तारी से स्थानीय लोगों में नाराजगी है.

वही इस संबंध में भगवान बाजार थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है. उन्होंने परिजनों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद परिजनों को शांत कर थाना परिसर से भेजा गया, हालांकि वे पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं दिखे. विदित हो कि मंदिर चोरी मामले को सारण एसएसपी डॉ कुमार आशीष ने गंभीरता से लिया है और उन्होंने जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने का निर्देश दिया था. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *