सड़क पर खड़ी की बाइक तो कटेगा चालान ; यातायात थाना ने टोचन कर कई बाइकों को किया जब्त

0 minutes, 2 seconds Read

CHHAPRA DESK – छपरा शहर में प्रतिदिन लग रहे भयंकर जाम को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर यातायात डीएसपी संतोष कुमार पासवान एवं यातायात थानाध्यक्ष रामबालक यादव के द्वारा विशेष अभियान चलाया गया. इस अभियान के तहत नगर थाना से नगर पालिका चौक, साहेबगंज चौक, पंकज सिनेमा रोड में विशेष अभियान चलाकर दर्जनों वाहनों का चालान काटा गया. वहीं टोचन मशीन की मदद से कई वाहनों को जब्त भी किया गया है. अब शहर में सड़क पर यत्र-तत्र वाहन खड़ी करने पर आपकी वाहन जब्त हो सकती है. भारी जुर्माना भी भरना पड़ सकता है. क्योंकि यातायात थाना द्वारा शहर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के क्रम में आज भी यातायात थाना के द्वारा अनेक वाहनों से हजारों रुपये का जुर्माना वसूला गया है.

वहीं सड़क पर यत्र-तत्र खड़े वाहनों को टोचन कर यातायात थाना ले जाया गया. बता दें कि पुलिस प्रतिदिन शहर में अभियान चला कर सड़क पर यत्र-तत्र वाहन खड़ी करने वाले और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ कार्रवाई कर हजारों रुपए का जुर्माना वसूल कर रही है. इस अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा. बता दें कि यातायात थाना द्वारा छपरा शहर को जाम एवं सड़क दुर्घटनाओं से निजात दिलाने के उद्देश्य से प्रतिबंधित क्षेत्र में पार्क किए गए वाहनों एवं यातायात नियम का उल्लंघन करने वाले वाहनो पर जुर्माना लगाया जा रहा है. वहीं यातायात थाना द्वारा जब्त वाहन के मालिकों के द्वारा हाथों-हाथ जुर्माना राशि देकर अपना वाहन मुक्त कराया गया.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *