नगर निगम बोर्ड की बैठक में उठे सफाई, स्ट्रीट लाइट और वेतन भुगतान जैसे अहम मुद्दे ; एजेंसी पर रोष और प्रशंसा दोनों

0 minutes, 2 seconds Read

CHHAPRA DESK –  छपरा नगर निगम बोर्ड की बैठक आज महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट और कर्मियों के वेतन भुगतान को लेकर तीखी बहस और अहम निर्णय लिए गए. बैठक की शुरुआत में अप्रैल व मई माह के सफाईकर्मियों के बकाया भुगतान का मुद्दा सदन में जोर-शोर से उठाया गया. सभी पार्षदों ने प्रत्येक माह की 5 तारीख तक सफाईकर्मियों को वेतन भुगतान की मांग पर सहमति जताई. सफाई एजेंसी द्वारा सेवाओं में लापरवाही को लेकर नगर प्रशासन ने बताया कि केवल 45% ही कचरा सेग्रीगेशन किया जा रहा है और डोर-टू-डोर कलेक्शन भी सभी वार्डों में प्रभावी रूप से नहीं हो रहा है. जिलाधिकारी अमन समीर द्वारा की गई समीक्षा बैठक में भी एजेंसी के कार्यों पर असंतोष जताया गया था, जिसके बाद एजेंसी को शो-कॉज नोटिस जारी किया गया, लेकिन समय पर जवाब नहीं देने पर भुगतान में कटौती की गई. हालांकि, सभी पार्षदों ने एजेंसी के कार्यों की वर्तमान स्थिति को पिछली एजेंसी की तुलना में बेहतर बताया और कार्य की सराहना करते हुए उसे समर्थन भी दिया.

Add

स्ट्रीट लाइट टेंडर पर तीखा विरोध

बैठक में स्ट्रीट लाइट टेंडर प्रक्रिया को लेकर भी पार्षदों ने नाराज़गी जताई. उन्होंने सवाल किया कि राजेंद्र स्टेडियम में ₹11 करोड़ का स्ट्रीट लाइट टेंडर कैसे कर दिया गया, जबकि वार्डों में अब तक लाइटें नहीं लगीं? पार्षदों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर प्रशासन जिला प्रशासन के दबाव में काम कर रहा है, और जिलाधिकारी के फोन पर कार्य कर देना नियम विरुद्ध है. इसके विरोध में पार्षदों ने सदन से बहिर्गमन भी किया. बाद में नगर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी वार्डों में 50-50 स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए ₹1.90 करोड़ से अधिक की योजना प्रस्तावित है, जिस पर बोर्ड ने सर्वसम्मति से सहमति दी और जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई.

वेतन वृद्धि पर भी हुई चर्चा

वार्ड संख्या 20 के पार्षद सुजीत कुमार मोर ने कर्मियों की 10% वेतन वृद्धि को लेकर सवाल उठाया. नगर प्रशासन ने बताया कि वेतन में यह वृद्धि जुलाई माह से लागू कर दी जाएगी. इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रभारी नगर आयुक्त सुनील कुमार, सशक्त स्थायी समिति के संजय प्रसाद, वार्ड पार्षदगण सुजीत कुमार मोर, श्याम बाबू चौधरी, रमाकांत सिंह, सुभी देवी, अस्मा खातून, नरगिस बानो, शंभू चौधरी, हेमंत कुमार, संजीव कुमार, चंद्रदीप राय समेत नगर निगम के स्वच्छता पदाधिकारी सुमित कुमार, सहायक अभियंता राहुल कुमार एवं कनीय अभियंता उपस्थित थे.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *