15 फीट गहरे गड्ढे में गिरी बस ; 9 यात्री घायल, 4 की हालत गंभीर

0 minutes, 1 second Read

CHHAPRA DESK –   सारण जिला के बनियापुर थाना क्षेत्र में आज मुन्ना ट्रैवल्स की एक बस ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क किनारे 15 फीट गहरे गड्ढे में पलट गई. इस हादसे में 9 यात्री घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला गया. जिसके बाद बनियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 4 यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया है.

Add

बताया जा रहा है कि बस बनियापुर से छपरा जा रही थी. उसमें सहजीतपुर और बनियापुर क्षेत्र के यात्री सवार थे. दुर्घटना के समय बस का चालक शराब के नशे में बताया जा रहा है. एक टोटो रिक्शा को ओवरटेक करने की कोशिश में ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस गहरे गड्ढे में गिर गई. बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. कई यात्री बस के अंदर फंस गए थे. स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए घायलों को शीघ्र बाहर निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया.

वहीं घटना की सूचना मिलते ही बनियापुर थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है. पुलिस तेज रफ्तार और सड़क की खराब स्थिति को हादसे के संभावित कारणों में मान रही है. इस मामले में बनियापुर थाना अध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि हादसा बनियापुर बाजार के पास हुआ है. मुन्ना ट्रैवल्स की बस अचानक बेकाबू होकर पलट गई. हादसे में कोई जानमाल की बड़ी क्षति नहीं हुई है. ड्राइवर से पूछताछ की जा रही है. ड्राइवर की मेडिकल जांच भी कराई जा रही है ताकि नशे की पुष्टि की जा सके.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *