सारण में चार दिनों में मिले 8 अज्ञात शव ; नहीं हुई किसी की भी पहचान, पर परिवार वाले होंगे परेशान ; पढ़े कहां से मिले शव ताकि हो सके पहचान

0 minutes, 3 seconds Read

CHHAPRA DESK –  सारण जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से चार दिनों के अंदर कुल आठ अज्ञात शव को बरामद किया गया हैं पर ताज्जुब की बात यह है कि किसी भी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है. इन आठों अज्ञात शवों में सात की मौत ट्रेन से गिरकर या कटकर हुई है. जबकि तीन मौतें सड़क दुर्घटना में हुई है. आज 11 नवंबर को सारण जिला के बस्ती जलाल रेलवे फाटक के समीप ट्रेन से गिरकर 25 वर्षीय एक युवक की मौत हुई है. सूचना के बाद पुलिस ने शव की पहचान को लेकर आसपास के गांवो में प्रयास किया, लेकिन समाचार प्रेषण तक शव की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा, जहां शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद पहचान के लिए 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा.

वहीं दूसरी घटना में जनता बाजार थाना अंतर्गत मुख्य सड़क पर अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है. हालांकि लोगों के द्वारा घायलावस्था में उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लहलादपुर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हुई है. समाचार प्रेषण तक उक्त व्यक्ति के शव की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस दोनों शवों की पहचान को लेकर प्रयास में जुटी है. बताते चलें कि चार दिनों से लगातार जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से प्रतिदिन दो अज्ञात शव बरामद किए जा रहे हैं.

बीते दिन 10 नवंबर को भी छपरा-सोनपुर रेल खंड स्थित गोपालपुर रेलवे ढाला के समीप रेलवे ट्रैक से क्षत-विक्षत अवस्था में एक महिला का शव बरामद किया गया. सूचना के बाद अवतार नगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा. मृत महिला की उम्र करीब 60 वर्ष बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि वह ट्रेन की चपेट में आने से काटकर उसकी मृत्यु हुई है. वहीं दूसरी घटना में छपरा-सिवान रेलखंड स्थित महेंद्रानाथ हाल्ट के समीप ट्रेन से कट कर एक व्यक्ति की मौत हुई है. उस मृत व्यक्ति के शव की भी शिनाख्त नहीं हो पाई है. मृत व्यक्ति की उम्र करीब 60 वर्ष बताई जा रही है.

वहीं 9 नवंबर को भी छपरा-सिवान रेलखंड स्थित एकमा रेलवे स्टेशन के रेलवे ढाला संख्या-70 के समीप ट्रेन से कट कर एक युवक की मौत हो गई. सूचना के बाद एकमा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पहचान का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी. वहीं जिले के इसुआपुर थाना अंतर्गत रेलवे ट्रैक के बीच ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हुई है. मृत युवक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है.

Add

वहीं, 8 नवंबर भी को भी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया था, जिसकी मौत उपचार के दौरान हो गई. सूचना के बाद भगवान बाजार थाना पुलिस ने शव का पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जहां शव की शिनाख्त नहीं हो पाने के कारण पहचान के लिए सुरक्षित रखा गया है. मृत व्यक्ति की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है. वहीं, अन्य में सड़क दुर्घटना में अचेत एक महिला को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हुई है. मृत महिला की उम्र करीब 70 वर्ष बताई जा रही है. शव की पहचान नहीं होने के कारण सदर अस्पताल में मौजूद भगवान बाजार थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद पहचान के लिए सुरक्षित रखा है. इस प्रकार जिले से चार दिनों में कुल आठ अज्ञात शवों का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद अस्पताल में पहचान के लिए सुरक्षित रखा गया है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *