छपरा नगर निगम ने नाला अतिक्रमण कर बनाये गये मकान और सीढ़ी पर चलाया बुलडोजर ; अब गुदरी बाजार की बारी, अतिक्रमणकारियों में हड़कंप

0 minutes, 3 seconds Read

CHHAPRA DESK – छपरा नगर निगम क्षेत्र प्रशासन ने अस्पताल चौक से नई बाजार मोहल्ला तक नाला अतिक्रमण कर उस पर बनाए गए घर और सीढी के ऊपर बुलडोजर चला दिया. जिसको देखते ही देखते क्षेत्र में हड़कंप मच गया. हालांकि स्थानीय लोगों से नगर निगम कर्मियों की नोंक झोंक भी हुई. लेकिन विधि व्यवस्था को लेकर भगवान बाजार थाना के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल की भी वहां तैनाती की गई थी. निगम के बुलडोजर का पहला निशाना बना नई बाजार और अस्पताल चौक के मकान और दुकान जो अतिक्रमण के दायरे में थे.

 

सिटी मैनेजर नीरज कुमार झा और सदर अंचलाधिकारी के नेतृत्व में अभियान शुरू हुआ और भगवान बाजार थाना पुलिस की उपस्थिति में दनादन कार्रवाई शुरू हो गई. देखते ही देखते नाले पर बने 100 से अधिक मकान और दुकान की सीढ़ियां और चबूतरे को तोड़ा गया. नगर निगम की कार्रवाई कुछ इस कदर थी कि भारी संख्या में फौज को देखते हुए लोग हताश और घबराए हुए थे. बुलडोजर को देखते ही अतिक्रमणकारियों में अफरातफरी मच गई.

सभी एक दूसरे को सूचना दे रहे थे कोई फोन पर सूचना दे रहा था तो कोई आसपास चिल्ला कर बता रहा था. सबके मुंह से एक ही आवाज निकल रही थी अरे मकान टूट रहा है जिसको बचाना है वह अपना बचा ले. एक दो लोग तो इतने भयभीत हो गए थे कि वे उसी समय बीमार पड़ गए. घर और सीढी टूटते देख गृह स्वामी बीमार पड़ गए. लोगों ने बताया कि यह लोग हार्ट और बीपी के मरीज हैं.

दरअसल कई लोगों ने मार्बल और टाइल्स के साथ नाले पर निर्माण कर लिया था. ऐसे में जब टूटा तो भारी नुकसान हुआ. कई दुकानदारों की दुकान भी टूट गई है. नगर निगम कर्मियों ने बताया किया अगला निशाना छपरा शहर का गुदरी बाजार है, जहां 100 दुकानों को अतिक्रमण के दायरे में रखा गया है, जो कि नाला के ऊपर बनाए गए हैं. उन्हें भी तोड़ा जाएगा.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *