शहर में दिनदहाड़े जेपीएम कॉलेज के समीप से बीए की छात्रा को उठाया ; कमरे में ले जाकर प्रयास में विफल होने पर पीटकर किया गंभीर

0 minutes, 2 seconds Read

CHHAPRA DESK – छपरा शहर से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां दिनदहाड़े शहर के व्यस्ततम इलाका जेपीएम कॉलेज के समीप से एक छात्रा को कार से उठा लिया गया. जिसके बाद उसे भगवान बाजार थाना अंतर्गत श्यामचक मोहल्ला स्थित एक कमरे में ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती का प्रयास किया गया और प्रयास में विफल होने पर मनचले युवकों ने उसके साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया. उस दौरान उस छात्र का मोबाइल भी तोड़ दिया गया.

पीड़ित छात्रा सारण जिले के खैरा थाना क्षेत्र की रहने वाली बतायी गई है, जो कि शहर के नगर थाना अंतर्गत श्रीनंदन पथ स्थित जेपीएम कॉलेज में बीए की छात्रा है. जख्मी हालत में पहले वह एक निजी क्लीनिक में पहुंची, जहां से इस घटना की सूचना उसके घर वालों को दी गई. जिसके बाद वह वहां से छपरा सदर अस्पताल पहुंची, जहां उसके माता-पिता भी पहुंचे और छपरा सदर अस्पताल में उसका उपचार किया गया. तब तक इस की घटना की सूचना पर नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और उस छात्रा को नगर थाना ले गई. जहां समाचार प्रेषण तक फर्द बयान दर्ज हो रहा था.

 

गांव के मनचले प्रेम ने फेसबुक पर पोस्ट को लेकर खड़ा किया बवाल

पीड़ित छात्र की माने तो उसके गांव का मनचला युवक प्रेम कुमार उसके पीछे लगा था और फेसबुक पर कुछ आपत्तिजनक पोस्ट किया जा रहा था. जिसको लेकर 15 दिन पहले गांव में विवाद के बाद उसके साथ मारपीट भी हुई थी. तब वह शांत रही. उसी घटना को लेकर आज प्रेम के द्वारा उसके साथ जोर-जबरदस्ती और मारपीट किया गया है.

 

जेपीएम कॉलेज के पास कार में उसे खींचकर उठा ले गया प्रेम

पीड़ित छात्र के अनुसार प्रेम मैजिक कार से जेपीएम कॉलेज के समीप एक नर्सिंग होम के पास खड़ा था. वह अपनी सहेलियों के साथ कॉलेज जा रही थी, तभी प्रेम मैजिक से निकला और उसे खींचकर उसमें बैठा लिया. जिसके बाद वह लोग उसे लेकर श्यामचक की तरफ चले गए, जहां उसके साथ प्रेम के द्वारा एक कमरे में ले जाकर जबरदस्ती का प्रयास किया गया और उसने उसका मोबाइल तोड़ते हुए उसके साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से जख्मी किया है. इस घटना के बाद पुलिस अब प्रेम की गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है.

 

क्या कहते हैं एसपी

इस मामले में सारण एसपी डॉक्टर गौरव मंगला के द्वारा बताया गया कि छात्रा का मामला उनके संज्ञान में आया है. फिलहाल उसका बयान दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है. वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है. विशेष जानकारी छानबीन के बाद ही दी जा सकेगी. फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *