ऑटो चालकों ने 5 सितंबर को पटना बंद का किया ऐलान ; लगातार तीसरे दिन चालकों की ह’ड़ताल से आवागमन ठप्प

0 minutes, 0 seconds Read

PATNA DESK – बिहार के ऑटो चालकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 5 सितम्बर को पटना बंद का ऐलान किया है. बता दें कि पटना के ऑटो चालक लगातार तीन दिनों से हड़ताल पर है जिसके कारण लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है. पटना जंक्शन स्थित टाटा पार्क ऑटो स्टैंड को हटाने के विरोध में शुक्रवार से ही पटना के ऑटो चालक हड़ताल पर हैं. रविवार को भी ऑटो चालकों की हड़ताल जारी रही.

जिससे पटना सिटी और पटना जंक्शन के बीच आने जाने में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हड़ताल की वजह से पिछले तीन दिनों से पूर्वी पटना के सभी इलाकों में ऑटो परिचालन ठप है. इससे पटना जंक्शन से पटना सिटी, राजेन्द्र नगर, गुलजारबाग, कंकड़बाग, नाला रोड, हनुमान नगर, बाजार समिति, अगमकुआं जैसे इलाकों में आने जाने के लिए लोगों को भारी परेशानी हो रही है.

ऑटो रिक्शा चालक संघ के अध्यक्ष पप्पू यादव के अनुसार सरकार और प्रशासन की ओर से ऑटो चालकों को प्रताड़ित किया जा रहा है. स्टैंड हटा देने से उनकी रोजीरोटी पर असर हुआ है. वे कहां से ऑटो चलाएंगे और पार्किंग में लगाएं इसकी कोई व्यवस्था नहीं की गई है. उन्होंने इसे प्रशासन की मनमानी करार दिया है जिससे हजारों लोगों की आजीविका छीन गई है.
यादव ने कहा कि हम ऑटो स्टैंड को पूर्ववत करने की मांग करते हैं.

इसी कारण शुक्रवार से ही हमारी हड़ताल जारी है. सोमवार को भी इस मांग को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा. अगर सरकार और प्रशासन ने हमारी मांगों को नहीं माना. स्टैंड की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो मंगलवार को पटना बंद किया जाएगा. इस दौरान किसी प्रकार के वाहनों की आवाजाही नहीं होने दी जाएगी. आम लोगों की ओर से भी हमारी मांगों का समर्थन किया जा रहा है.


लालू से की मुलाकात : इस बीच, बिहार राज्य ऑटो रिक्शा टेंपो चालक संघ के महासचिव राजकुमार झा समेत तमाम संघ के सदस्य शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से मिले. उन्होंने बताया कि उन्हें आश्वासन मिला कि जल्द ही समस्या का निदान होगा.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *