“तुम्हारा बच्चा मेरे पास काम कर रहा है, ₹10 लाख रुपए दो तुम्हारा बच्चा वापस मिल जाएगा” ऐसे ठग ने कर ली ₹4 लाख की ठगी

0 minutes, 1 second Read

CHHAPRA DESK – “तुम्हारा बच्चा मेरे पास काम कर रहा है, ₹4 लाख रुपए दो तुम्हारा बच्चा वापस मिल जाएगा” ऐसे ठग ने गुमशुदा बच्चे के परिवार को झांसे में लेकर ₹4 लाख की ठगी कर ली. मामला सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र का है. पीड़ित परिवार पीड़ित दम्पत्ति मांझी थाना क्षेत्र के झखड़ा टोला निवासी दीपक सिंह तथा बिन्दु देवी हैं, जिनकी दाउदपुर में दुकान है और दस साल से वहीं रहते हैं.

विदित हो कि 28 माह से लापता पुत्र को सकुशल वापस लौटाने का झांसा देकर एक ठग ने पीड़ित मजबूर दम्पत्ति से चार लाख रुपए ठग लिया. ठगी का यह वाकया मांझी प्रखण्ड मुख्यालय के समीप की है. इस सम्बंध में पीड़ित दम्पत्ति ने मांझी थाना में आवेदन दिया है. जिसमें ठग को गिरफ्तार कर उससे रुपए वापस दिलाने की गुहार लगायी गई है. पीड़ित दम्पत्ति ने बताया कि लगभग ढाई साल पूर्व उनका बड़ा पुत्र 22 वर्षीय सुरजदीप कुमार सिंह अपने घर से रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था.

जिसका काफी खोजबीन के बाद भी अब तक कोई सुराग नही मिल सका है. दम्पत्ति ने बताया कि तीन दिन पहले एक अज्ञात युवक दाउदपुर स्थित उनके दुकान पर आया तथा उनके लापता पुत्र के छपरा शहर के गांधी चौक स्थित एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में होने की बात कही. यह बात सुनते ही पिता की आंखों में पुत्र को जीवित पाने की उम्मीद जग गई. जालसाज युवक ने लापता युवक के पीड़ित पिता दीपक सिंह को बताया कि वह गुरुवार को उनके पुत्र को लेकर मांझी ब्लॉक के समीप लाकर छोड़ जाएगा.

इसके एवज में उसने परिजनों से कथित रूप से दस लाख रुपए की मांग की. मगर परिजनों के द्वारा इतनी मोटी रकम देने में असमर्थता जताने पर मामला चार लाख रुपए में तय हो गया. तय समय के मुताबिक जालसाज अपने एक अन्य दोस्त के साथ गुरुवार की शाम मांझी ब्लॉक पर पहुंचा तथा लापता युवक की माता बिंदु देवी को बगल के एक बगीचे में ले जाकर चार लाख रुपए का झोला ले लिया. जब बिंदु देवी ने अपने बेटे को हवाले करने को कहा तो जालसाज ब्लॉक तक उनके साथ पैदल आया.

उसके बाद बेटे को गाड़ी से उतारकर लाने की बात कहकर अचानक रहस्यमय ढंग से गायब हो गया. हालांकि उस बीच पीड़ित के साथ आये एक युवक ने चोरी छिपे जालसाज की फोटो मोबाइल फोन में कैद कर ली. बाद में ठगी के शिकार दम्पति रोते- बिलखते मांझी थाना पहुंचे और पुलिस को अपनी आपबीती सुनायी तो पुलिस भी अचंभित रह गई.

दम्पत्ति ने बताया कि पुत्र मोह में फंसकर हम लोग जालसाज के झांसे में फंसकर ठगी के शिकार हो गए. इस सम्बंध में मांझी थानाध्यक्ष अशोक कुमार दास ने बताया कि पीड़ित दम्पत्ति के आवेदन के आलोक में पुलिस ठग को गिरफ्तार करने करने के लिए छानबीन शुरू कर दी है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *