छपरा में बाइक सवार अपराधियों ने व्यवसायी से झपट लिए ₹5.30 लाख का थैला

0 minutes, 2 seconds Read

CHHAPRA DESK – सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव स्थित यादव टोला में बाइक सवार अपराधियों ने ₹5.30 लाख लूट की घटना को अंजाम दिया है. बताया जाता है कि संध्या पहर बैंक से रुपये निकासी कर घर लौट रहे एक व्यवसायी से अपाची बाइक सवार दो अपराधियों ने 5.30 लाख रुपये का थैला झपट लिया और फरार हो गए. पीड़ित व्यक्ति स्थानीय थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी शंकर राय का पुत्र व व्यवसायी अरुण कुमार बताया गया है, जो कि गांव में ही घूम-घूम कर धान खरीद-बिक्री का काम करता है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार अरुण कुमार शनिवार को अमनौर स्थित एसबीआई बैंक से करीब तीन बजे चार लाख रुपये निकासी कर अपने घर लौट रहा था. जैसे ही वह अपने घर पहुंच कि अपाची सवार दो अपराधियों ने रुपये से भरा झोला छीन लिया और फरार हो गए. बताया जाता है कि अपराधी बैंक से ही अरुण के पीछे लगे हुए थे और रास्ते में बगही के समीप उसे रोककर तरैया जाने का रास्ता पूछे और फिर आगे-आगे चलने लगे.

जब अरुण अपने घर की तरफ मुड़ गया तो फिर अपराधी उसके दरवाजे पर रोककर तरैया का रास्ता पूछे और उसी दौरान रुपये से भरा झोला उसके हाथ से छीनकर नहर के रास्ते मकेर की तरफ फरार हो गए. पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि वह गांव में घूमकर धान खरीद-बिक्री का काम करता है. वह लोगों का बकाया पैसा देने के लिए बैंक से 4 लाख रुपये का निकासी किया हुआ था तथा एक व्यक्ति से एक लाख रुपये व एक व्यक्ति से 30 हजार रुपये लिया था.

उसके पास कुल पांच लाख 30 हजार रुपये थे. जैसे ही वह दरवाजे पर पहुंचा कि अपराधी उससे रुपये का झोला छीनकर फरार हो गए. इधर घटना की सूचना मिलते ही तरैया और अमनौर थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है. समाचार प्रेषण तक पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई थी.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *